एटा। ब्लॉक शीतलपुर की ग्राम पंचायत बरौली के गांव सहसपुर के राशन डीलर द्वारा इलेक्ट्रोनिक कांटे पर बांट रखकर राशन की घटतौली की जा रही थी। जांच में स्टॉक में गड़बड़ी पाई गई। राशन डीलर पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
डीलर पूरन सिंह नई ई-वेइंग मशीन पर 1 किलो का बांट रखकर राशन की घटतौली कर रहा था। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर 16 अप्रैल को वायरल हो गया। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी दिग्विजय सिंह, नायब तहसीलदार निधौली कलां विकम सिंह ने 17 अप्रैल को दुकान का निरीक्षण किया। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी ने बताया कि डीलर स्टॉक रजिस्टर नहीं दिखा सका। दुकान पर लगा हुआ स्टॉक बोर्ड भी भरा हुआ नहीं था।
भौतिक सत्यापन करने पर दुकान में 11 कट्टे व 3 किलो बाजरा, 2 कट्टे 18 किलो चावल, 3 कट्टे 27 किलो गेंहू के मिले। ई-पॉश मशीन का परीक्षण करने पर अंत्योदय योजना के 10 व पात्र गृहस्थी योजना के 37 कार्डों पर वितरण होना शेष मिला। ऑनलाइन एमआईएस रिपोर्ट के अनुसार उचित दर विक्रेता की दुकान पर गेहूं 2.01 क्विंटल व चावल 5.43 क्विंटल कम मिला। वहीं बाजरा 1.01 क्विंटल अधिक पाया गया। डीलर के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।