एटा। गांव नगला भूरा में पत्नी से कहासुनी के बाद युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। परिजन ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
थाना अवागढ़ के गांव नगला भूरा निवासी मनोज ने बताया कि भतीजा अखिल कुमार (25) चालक था। वर्तमान में जिला रामपुर में बस चलाता था। शनिवार को दोपहर के समय किसी बात की वजह से पत्नी से कहासुनी हो गई। इसके बाद उसने कमरे के अंदर जाकर दरवाजा बंद कर लिया। परिजन ने सोचा कि आराम कर रहा होगा। जब काफी देर हो गई तो पत्नी ने दरवाजा खोलने के लिए आवाज लगाई। उधर से कोई उत्तर नहीं मिला तो खिड़की से झांककर देखा। अंदर का नजारा देखकर पत्नी की चीख निकल गई। कमरे में पंखे के कुंदे से फंदा लगाकर अखिल लटक रहा था।
शोर सुनकर परिजन मौके पर आए और दरवाजा तोड़कर फंदा खोला। तब तक अखिल अचेत हो चुका था। हालत गंभीर देखते हुए एंबुलेंस के माध्यम से उसे लेकर मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी आए। यहां चिकित्सक ने अखिल को मृत घोषित कर दिया। सीओ जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इस प्रकार की कोई जानकारी नहीं मिली है। शिकायत मिलती है तो जांचकर कार्रवाई की जाएगी।