अलीगंज देहात में फर्जी कार्य दिखाकर लाखों रुपये निकालने की थी शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
अलीगंज। अलीगंज देहात ग्राम पंचायत में फर्जी कार्य दिखाकर लाखों रुपये निकालने की शिकायत हुई। जांच अधिकारी एडीओ (पंचायत) ने जांच में ही लीपापोती कर दी। इस पर उन्हें प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है।
ग्राम पंचायत निवासी प्रभंजन कुमार उर्फ अनिल कुमार ने आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से शिकायत की थी। ग्राम प्रधान और तत्कालीन पंचायत सचिव द्वारा फर्जी कार्य दिखाकर लाखों रुपये की धनराशि निकाले जाने का आरोप लगाया था। जिला पंचायत राज अधिकारी ने अलीगंज पर तैनात सहायक विकास अधिकारी प्रवीण कुमार सक्सेना को जांच अधिकारी नामित किया।
मामले के जांच अधिकारी द्वारा जो जांच प्रस्तुत की गई उसमें एडीओ द्वारा लीपापोती कर दी गई। जांच गुणवत्तापूर्ण नहीं होने पर एडीओ को दोषी मानते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी केके चौहान ने एडीओ को प्रतिकूल प्रविष्टि प्रदान कर दी। इसके अलावा एडीओ पर अपने तैनाती स्थल से ड्यूटी न करने, शाम चार बजे ही कार्यालय से अपने गृह जनपद बदायूं चले जाने, विषम परिस्थितियों में फोन बंद रखने जैसे मामलों का भी हवाला दिया गया है।