वरिष्ठ अधिवक्ता के पुत्र को गोली मारकर घायल करने वाले आरोपियों को पुलिस 20 दिन बाद भी गिरफ्तार नहीं कर पाई है। गिरफ्तारी नहीं होने पर कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन ने आक्रोश जताया है। सोमवार को बैठक में अधिवक्ताओं ने पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए सड़कों पर उतरने का ऐलान करते हुए ज्ञापन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सौंपा है।
कलक्ट्रेट बार महासचिव राकेश यादव ने बताया कि वरिष्ठ अधिवक्ता यदुवीर सिंह चौहान के पुत्र राहुल चौहान एवं उनके मित्र मोहित यादव को गोली मारकर घायल करने वाले आरोपी मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। रविवार शाम आठ बजे आरोपी भानुप्रताप नाजायज असलहों से लैस होकर आठ दस साथियों के साथ आगरा रोड स्थित होटल पर पहुंचा और राहुल को जान से मारने की धमकी दी। नामजद आरोपियाें की गिरफ्तारी नहीं होने से आरोपियों के हौसले बुलंद हैं।