सीएचसी पर चिकित्सकों की छुट्टियां की गईं रद
संवाद न्यूज एजेंसी
एटा। होली पर हुड़दंग और झगड़े अक्सर हो जाते हैं। इसके अलावा हादसों का खतरा भी बढ़ जाता है। घायलों के तत्काल उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी कर ली है। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में होली वाले दिन 5 अतिरिक्त चिकित्सक लगाए जाएंगे। सीएचसी पर तैनात चिकित्सकाें व स्वास्थ्यकर्मियों की छुट्टियां रद कर दी गईं हैं।
13 मार्च को होलिका दहन है और 14 मार्च को रंग खेला जाएगा। यानी दो दिन होली का हुड़दंग रहेगा। नशे में लोग झगड़ा आदि भी कर बैठते हैं। केमिकल युक्त रंग लगाने से आंखों में दिक्कत हो जाती है। त्वचा पर भी इसका बुरा प्रभाव पड़ता है। इसके अलावा नशे में वाहन चलाने या गीली सड़कों-गलियों पर वाहन स्लिप होने से हादसे हो जाते हैं। घायल मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी सहित सीएचसी पर उपचार के लिए दौड़ते हैं।
सीएमएस डॉ. सुरेश चंद्रा ने बताया कि हड्डी, सर्जन, नेत्र चिकित्सक, फिजीशियन सहित हड्डी के एक सर्जन को अलग से ड्यूटी में लगाया जाएगा। जिससे अगर कोई मरीज दुर्घटना में घायल पहुंचता है तो उसे इमरजेंसी में तत्काल बेहतर उपचार मिल सके। सीएमओ डॉ. उमेश त्रिपाठी ने बताया 13 से 15 मार्च तक सीएचसी पर 24 घंटे चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहेंगे। सभी की छुट्टियां रद कर दी गईं है।
हॉट स्पॉट पर खड़ी होंगी एंबुलेंस
वाहन प्रभारी लोकमन सिंह ने बताया जिले में 108 की 23 व 102 की 21 एंबुलेंस तैनात हैं। एंबुलेंस के जो भी हॉट स्पॉट जिले में हॅैं। उन पर यह 13 से 15 मार्च तक तैनात रहेंगी। बताया कि दवाओं की उपलब्धता करा दी गई है। जिससे मरीज को एंबुलेंस में प्राथमिक उपचार मिल सके।
इन नंबरों पर करें कॉल
एंबुलेंस के लिए 108 व 102 नंबर पर कोई भी व्यक्ति कॉल कर सकता है। उसे तत्काल एंबुलेंस उपलब्ध होगी। इसके अलावा 6396081119 पर कॉल कर एंबुलेंस प्राप्त की जा सकती है।