मारहरा। कचौरा रोड पर बृहस्पतिवार की दोपहर लालपुर की पुलिया के पास हुए हादसे में एक युवक की ट्रैक्टर के नीचे दबकर मौत हो गई। शुक्रवार को उसके भाई ने हत्या का आरोप लगाते हुए, पुलिस को खबर दे दी। बाद में समझौता हो गया। हालांकि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
परिजन के अनुसार मृतक पिंटू (18) अपने चाचा रंजीत के साथ ट्रैक्टर से सिकंदराराऊ गया था। वहां से वापस लौटते समय कचौरा रोड पर लालपुर की पुलिया के पास नियंत्रण खोने से ट्रैक्टर खाई में गिर पड़ा। पिंटू की ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चाचा को मामूली चोटें आईं। खबर मिलने पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। जहां ग्रामीणों की सहायता से परिजन शव को घर ले आए। मृतक के भाइयों को घटना की सूचना दी गई। सूचना पाकर एक भाई कन्हैया गुरुग्राम से रात में ही आ गया। वहीं दूसरा भाई अमित कुमार सूरत से शुक्रवार सुबह आ पाया।
अधूरी जानकारी के चलते अमित ने डायल 112 पर चाचा पर आरोप लगाते हुए अपने भाई की हत्या करने की सूचना दे दी। सूचना पर थाना प्रभारी राजेश चौहान मय पुलिसबल के त्रिलोकपुर पहुंच गए, लेकिन पुलिस के पहुंचने पर अमित ने चाचा पर कोई कार्रवाई न करने की बात कहते हुए, वापस जाने के लिए कहा।
हालांकि पुलिस ने उच्चाधिकारियों का हवाला देते हुए शव को कब्जे में ले लिया, जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया। इस बीच परिवार और गांव के लोग पुलिस कार्रवाई से इन्कार करते हुए, शव ले जाने का विरोध करते रहे और वीडियो भी बनाए। मृतक के भाई अमित ने बताया कि गलती से 112 पर हत्या की सूचना दी थी। उसे घटना की पूरी जानकारी नहीं थी। वह जब घर पर पहुंचा तो मुझे पूरी जानकारी हुई। मामला परिवार का है इसलिए वह चाचा पर कोई कार्रवाई करना नहीं चाहता हूं।
वर्जन
बृहस्पतिवार को ट्रैक्टर खाई में गिरने से एक युवक की मौत हुई थी। शुक्रवार को मृतक के भाई की शिकायत पर थाना पुलिस त्रिलोकपुर पहुंची। बाद में कोई समस्या न हो, इसको देखते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
-सुनील कुमार त्यागी, क्षेत्राधिकारी सदर