पुलिस गिरफ्त में आरोपी पंकज यादव। स्रोत पुलिस विभाग
एटा। भाजपा पूर्व विधायक ममतेश शाक्य को फोन कॉल और व्हाट्सएप के जरिए धमकाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पकड़े गए आरोपी ने बताया कि शराब के नशे में उसने इस प्रकार की हरकत की।
एसएसपी श्याम नारायण सिंह के निर्देश पर कोतवाली नगर, स्वाट और सर्विलांस टीम ने 24 घंटे के अंदर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी पंकज यादव निवासी नगला बहादुर थाना जसरथपुर का रहने वाला है। सीओ सिटी राजेश सिंह ने बताया कि आरोपी को कोतवाली नगर क्षेत्र में अलीगंज रोड तिराहे से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि शराब के नशे में उसने पूर्व विधायक को धमकी भरे फोन किए और गालीगलौज की थी।
टीमों ने लोकेशन ट्रेस करने के साथ ही मुखबिर की मदद से आरोपी को हिरासत में लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। सीओ सिटी ने बताया कि इस प्रकार की घटना करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। साइबर टीम लगातार हर हरकत पर नजर रख रही है। इसलिए सोशल मीडिया या अन्य किसी माध्यम से किसी प्रकार की ऐसी हरकत न करें।
ज्यादा पढ़ा-लिखा नहीं है आरोपी
सीओ सिटी ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के बाद पूछताछ की गई तो पता चला कि यह ज्यादा पढ़ा-लिखा नहीं है। फेसबुक, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म चला लेता है। शराब के नशे में रात को घूमता रहता है और नींद न आने पर इसी प्रकार की हरकतें करता है।