एटा। मारहरा थाना क्षेत्र में छह वर्षीय बालिका को चीज दिलाने का लालच देकर घर के अंदर ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास करने का मामला सामने आया है। सूचना पर मारहरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
जानकारी के अनुसार आरोपी आकाश घर के बाहर खेल रही करीब छह वर्षीय बालिका को बहला-फुसलाकर चीज दिलाने के बहाने अपने घर ले गया। घर के कमरे में आरोपी ने बच्ची के साथ छेड़छाड़ की और दुष्कर्म का प्रयास किया। इसी दौरान बच्ची के न मिलने पर उसे खोजते हुए परिजन मौके पर पहुंच गए। आरोपी को बालिका के साथ गलत हरकत करते हुए रंगे हाथों देख लिया। लोगों को अपनी ओर आते देख आरोपी मौके से भाग गया। घटना के बाद सहमे परिजनों ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई। मारहरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को क्षेत्र से ही गिरफ्तार कर लिया। सीओ सदर संकल्पदीप कुशवाहा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।