एटा। शहर के जीटी रोड पर शनिवार देर रात एक ट्रक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गया। इसके चलते विद्युत पोल टूटकर गिर गया। हादसे के बाद करीब आधे शहर की बिजली गुल हो गई। बिजली गुल होने से लोगों को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ा। रविवार शाम तक बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी।
एटा से कानपुर जा रहा एक ट्रक शनिवार शाम तहसील के पास अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर चढ़ गया और विद्युत पोल को ध्वस्त कर दिया। पोल गिरते ही तार टूटकर गिर और आधे शहर की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। हादसे के बाद सुबह तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।
वहीं नगर के करीब दो हजार से ज्यादा परिवारों को बिजली कटौती से परेशान होना पड़ा। बिजली आपूर्ति नहीं होने से पानी के लिए हैंडपंपों पर लाइन लगी रही। रविवार सुबह कर्मचारियों ने पोल को सही करने का काम शुरू किया, लेकिन शाम तक बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी।
इन क्षेत्रों में गुल रही बिजली
अलीगंज रोड, सकीट रोड, जीआईसी, तहसील कंपाउंड, कैलाशगंज, मेहता पार्क, सैनिक पड़ाव, रेवाड़ी मोहल्ला, हाथी गेट, सुभाष बाजार, शीतलपुर, मंडी समिति।
उमस ने बढ़ाई दिक्कत
शनिवार-रविवार को बिजली कटौती के साथ उमस ने लोगों को परेशान किया। शनिवार को बारिश होने के बाद रविवार को तेज धूप निकली। बिजली नहीं होने से लोग गर्मी से परेशान रहे।
ट्रक की टक्कर से विद्युत पोल टूट गया था। सुबह टीम ने पहुंचकर काम शुरू कर दिया है। जल्द आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।
विजय शंकर, एसडीओ