एटा। जो लोग महंगे प्रीमियम पर बीमा कराने में असमर्थ हैं। ऐसे लोगों के लिए डाक विभाग का इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक एक विशेष सामूहिक दुर्घटना सुरक्षा बीमा लेकर आया है। इसमें एक वर्ष में महज 299 रुपये के प्रीमियम के साथ लाभार्थी का 10 लाख रुपये का बीमा किया जाएगा। वर्ष खत्म होने के बाद अगले वर्ष बीमा का नवीनीकरण कराना होगा। इसके लिए लाभार्थी का खाता इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक में होना जरूरी है।
योजना के तहत 18 से 65 वर्ष आयु तक के लोगों को इस दुर्घटना बीमा के तहत सुरक्षा मिलेगी। इसके तहत दोनों प्रकार के बीमा कवर में दुर्घटना से मृत्यु, स्थायी या आंशिक पूर्ण अपंगता, अंग विच्छेदन या पैरालाइज्ड होने पर 10 लाख रुपये का बीमा कवर मिलेगा। वहीं बीमित व्यक्ति को दुर्घटना में घायल होकर अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान इलाज के लिए 60 हजार रुपये तक का आईपीडी खर्च तथा ओपीडी में 30 हजार रुपये तक की राशि मिलेगी।
वहीं 399 रुपये के प्रीमियम बीमा में इन सभी लाभों के अलावा दो बच्चों की पढ़ाई के लिए एक लाख रुपये तक का खर्च, दस दिन अस्पताल में रोजाना का एक हजार खर्च, किसी अन्य शहर में रह रहे परिवार के लिए आने-जाने का 25 हजार रुपये तक का खर्च और मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार के लिए 5 हजार रुपये तक का खर्च मिलेगा।