एटा। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में दो महिलाओं समेत सात लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली नगर में बस स्टैंड के समीप रोडवेज बस की चपेट में आने से अनवर पुत्र साबिर हुसैन निवासी करूला पीर का बागर, मुरादाबाद घायल हो गया। बताया जा रहा है कि अनवर रोडवेज बस से एटा अपनी रिश्तेदारी में आया था। बस से उतरने के बाद वह सड़क किनारे ऑटो का इंतजार कर रहा था।
वहीं गांधी मार्केट में शनिवार देरशाम कार की चपेट में आने से बाइक सवार कृष्णा गुप्ता पुत्र रंजीत गुप्ता निवासी नई बस्ती चोटिल हो गया। थाना बागवाला क्षेत्र के गांव भागपुर निवासी देवश्री पत्नी प्रेमीलाल बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गईं। परिजनों ने बताया है कि वह गांव में ही पैदल जा रही थी। गांव भटमई निवासी रामगोपाल पुत्र मुंशी लाल गांव के पास ऑटो की चपेट में आने से घायल हो गया।
थाना रिजोर क्षेत्र के गांव फफोतू निवासी बाइक सवार सुनहरी लाल पुत्र मंगेराम अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गया। कोतवाली देहात आगरा रोड स्थित गांव बहादुरगढ़ के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से पति के साथ बाइक पर जा रही पूजा पत्नी संजय उपाध्याय निवासी कमसान घायल हो गई। वहीं अन्य हादसों में सीमा देवी पत्नी दिवारी लाल निवासी पिथनपुर थाना मिरहची घायल हो गईं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।