एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र में कचहरी रोड स्थित बीएसएनएल दफ्तर के पास बृहस्पतिवार की रात करीब 10 बजे कार की चपेट में आने से बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष के पुत्र और एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया, जहां पूर्व बार अध्यक्ष के पुत्र की रास्ते में मौत हो गई। घायल साथी का इलाज आगरा में चल रहा है। जीटी रोड पिलुआ क्षेत्र में एक अन्य हादसे में युवक की मौत हुई है।
कोतवाली नगर के मोहल्ला अवागढ़ हाउस निवासी कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष उपेंद्र सिंह का पुत्र अजीत उर्फ राहुल (32) अपने दोस्त विशाल सोलंकी निवासी शिवपुरी, ऋषभ चौहान और रोहित के साथ बीएसएनएल दफ्तर के पास रात 10 बजे खड़े होकर बातें कर रहे थे। बताया गया कि तभी ये लोग नगर पालिका अध्यक्ष मीरा गांधी के पुत्र चंद्रकांत उर्फ चंदू यादव की कार की चपेट में आ गए।
हादसे में राहुल और विकास सोलंकी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को साथी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां पर हालत चिंताजनक होने के चलते आगरा रेफर कर दिया गया। अजीत उर्फ राहुल की रास्ते में मौत हो गई। हादसे की रिपोर्ट पूर्व बार एसोसिएशन अध्यक्ष उपेंद्र सिंह पाल की ओर से इनोवा चालक चेयरमैन पुत्र चंद्रकांत उर्फ चंदू के खिलाफ दर्ज कराई गई है।
वहीं थाना पिलुआ क्षेत्र के गांव दरबपुर निवासी बाइक सवार उमेशचंद्र (28) पुत्र रनवीर सिंह जीटी रोड स्थित गांव नगरिया के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल उमेश को जिला अस्पताल से देरशाम रेफर कर दिया गया। रात करीब आठ बजे सैफई ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।