कासगंज की गोरहा नहर में डूबे बालक मोहर सिंह की नहर में तलाश करते गोताखोर।
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। गोरहा नहर में दोस्तों के साथ नहाने गया बालक डूब गया। गोताखोरों द्वारा काफी तलाश करने पर भी उसका पता नहीं लग सका। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
देवरी सोरों निवासी मोहर सिंह (12) पुत्र पूरन सिंह उमस भरी गर्मी के चलते दोस्तों के साथ गोरहा नहर में नहाने गया था। वह अन्य साथियों संग नहर में अठखेलियां कर रहा था। तेज बहाव के चलते बीच धार में पहुंच गया और नहर में डूब गया। गांव के ही दिनेश ने परिजनों को जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए।
मामले की जानकारी पर पुलिस भी नहर पर पहुंच गई। तेज बहाव के चलते गोताखोरों को भी बालक की तलाश करने में खासी परेशानी हो रही थी। जैसे-जैसे समय बढ़ रहा था, परिजनों को अनहोनी की आशंका सताने लगी। देर शाम तक बालक की तलाश नहीं हो सकी। मोहर सिंह कक्षा-6 का छात्र है और चार भाइयों में सबसे छोटा है।