पोस्टमार्टम हाउस पर विलाप करते सड़क दुर्घटना के मृतक के परिजन।
- फोटो : ETAH
एटा। एक हादसे ने शादी की खुशियों को गम में बदल दिया। बहन को ससुराल छोड़ने जा रहे भाई की दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे की खबर मिलने के बाद घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
परिजनों ने बताया कि अनुराग की चचेरी बहन कीर्ति की मंगलवार की शाम गांव तिसौली थाना अलीगंज से बारात आई थी। बुधवार की सुबह दूल्हा अंकित के साथ कीर्ति ने सात फेरे लिए और ससुराल के लिए रवाना हुई। रीति रिवाज के अनुसार बुधवार को बिना भाई के बहन ससुराल नहीं जाती है। इसलिए बुधवार की सुबह बहन के साथ भाई बाइक से पीछे-पीछे जा रहा था। उसके साथ मौसेरा भाई प्रवीन भी था।
सुबह करीब नौ बजे एटा-अलीगंज रोड स्थित गांव गोलाकुंआ के पास कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव बावरपुर निवासी अनुराग (18) पुत्र बृजेश कुमार की अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मौसेरा भाई प्रवीन पुत्र विनोद निवासी मोहम्मदाबाद जिला फर्रूखाबाद घायल हो गया। हादसे की खबर मिलने के बाद शादी वाले घर में कोहराम मचा गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
समझा-बुझाकर विदा किया
हादसे की खबर पाकर नवविवाहिता बहन कीर्ति और दूल्हा अंकित सन्न रह गए। उनकी गाड़ी बाइक के आगे चल रही थी। प्रवीन ने हादसे की सूचना दी तो ससुराल जाना छोड़ वापस लौट आई। दोपहर बाद परिजनों ने समझा-बुझाकर और दिलासा देकर उन्हें विदा किया।