मानदेय देने और नियमितीकरण की मांग को लेकर मंगलवार को आशा कार्यकत्रियों ने सीएमओ कार्यालय पर प्रदर्शन और नारेबाजी की। आशाओं ने मांगे पूरी नहीं होने पर 24 अक्तूबर को लखनऊ में विधानसभा का घेराव करने का निर्णय लिया है
उप्र ग्रामीण स्वास्थ्य कार्यकर्त्री आशा यूनियन के बैनर तले मंगलवार को आशाओं ने प्रदर्शन किया। इस मौके पर यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष बालिंदर कटियार ने कहा कि आशाओं से स्वास्थ्य विभाग और सरकार जरूरत से ज्यादा काम ले रही है। जबकि मानदेय के नाम पर आशाओं को महज कमीशन दिया जाता है। उन्होंने कहा है कि मांगों को लेकर आशाएं लगातार प्रदर्शन कर रही हैं, लेकिन कोई उनकी सुनवाई नहीं कर रहा है। अगर अब भी मांगें न पूरी हुईं, तो आशा कार्यकर्ता 24 अक्तूबर को विधानसभा का घेराव करेंगी। उन्होंने जिले की आशा कार्यकर्ताओं से विस घेराव में भाग लेने का आह्वान किया। इस मौके पर पुष्पा देवी, सुषमा चतुर्वेदी, राजेश्वरी देवी, लक्ष्मी देवी, आशा देवी, मनोरमा, ममता समेत तमाम आशा कार्यकर्त्री मौजूद रहीं।