फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आम से खास हो गई आप, सदमे में भाजपा

Tue, 10 Feb 2015 11:34 PM IST
ब्यूरो अमर उजाला एटा
विज्ञापन
विज्ञापन
एक साल से जीत का स्वाद चख रहे भाजपाइयों के लिए मंगलवार का दिन अच्छा नहीं रहा। दिल्ली चुनावों के परिणामों से खासे मायूस दिखे। समर्थक निराश दिखे। पार्टी नेता तो बयान देने से भी बचते रहे। उधर, आम आदमी पार्टी को दिल्ली के विधानसभा चुनाव में मिली अप्रत्याशित जीत ने स्थानीय कार्यकर्ताओं में एक नई ऊर्जा का संचार कर दिया है। लोकसभा चुनाव में मिली हार से नीरस स्थानीय कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को दिल्ली में मिली शानदार जीत को शहर में उत्सव के रूप में मनाया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह मिष्ठान वितरण किया और ढोल नगाड़ों पर जमकर थिरके। झाड़ू लेकर शहर में जुलूस निकाला। महापुरुषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर देशभक्ति से ओतप्रोत नारे लगाए। 
विज्ञापन




चुनाव सर्वे के बाद भी जनपदीय भाजपाई दिल्ली में जीत की आस लगाए थे। पार्टी के पक्ष में हुए सर्वे से गदगद दिखने वाले यह नेता कार्यकर्ता इन सर्वे रिपोर्ट को नकार रहे थे। बीते तीन दिनों से पार्टी कार्यालयों पर भी ऐसी चर्चाएं थीं। मंगलवार सुबह अच्छे परिणामों की आस में टीवी के सामने जमे लोग रुझान से ही मायूस हो गए। परिणामों ने तो इनके मंसूबों पर पानी ही फेर दिया। 50 से अधिक सीटों के रुझान के बाद तो अधिकांश भाजपाइयों ने टीवी ही बंद कर दिए। इसके बाद तो यहां मायूसी छा गई।



दूसरी ओर पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. चंद्रमोहन का कहना है कि दिल्ली के परिणामों को हम स्वीकार करते हैं, लेकिन यह नतीजे स्वाभाविक एवं सहज नहीं हैं। भाजपा के विकास रथ को रोकने के लिए नकारात्मक दल एकजुट हुए हैं। पूर्व में भी ऐसा हुआ है लेकिन पार्टी ने विजय अभियान जारी रखा है।
विज्ञापन




उधर, मंगलवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए यह एक ऐतिहासिक दिन रहा। सुबह से ही चुनाव परिणामों के रुझानों में मिली बढ़त से पार्टी कार्यकर्ता झूमते नजर आए। कचहरी रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों की धुन पर झूमने लगे। दोपहर होते-होते जगह-जगह मिष्ठान वितरण शुरू हुआ। जीटी रोड, कचहरी रोड, गांधी मार्केट, घंटाघर आदि बाजारों में आप कार्यकर्ताओं ने लोगों को जीत की बधाई दी। स्थानीय स्तर पर पार्टी को मजबूत करने का संकल्प लिया।



पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने मुख्य कार्यालय से झाड़ू लेकर मुख्य मार्गों से जुलूस निकाला। घंटाघर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। देशभक्ति से ओतप्रोत नारे लगाए। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय परिषद सदस्य व जिला संयोजक डीके राजपूत, सह संयोजक नीलम लोधी, जिला सचिव नरेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप, मीडिया प्रभारी अरुण प्रताप, राहुल जैन, राजकमल, स्वामी नारायण, बविता यादव, सरोज दुबे, मनोज गोला, विभांशु दीक्षित, भानुप्रताप, सत्यवीर सिंह आादि मौजूद थे।



दिल्ली में पार्टी की अप्रत्याशित जीत देश के आम आदमी की जीत है। स्थानीय स्तर पर पार्टी का पुनर्जन्म हुआ है। यह जीत पार्टी कार्यकर्ताओं में एक नई ऊर्जा का संचार करेगी। संगठन मजबूत होगा। शीर्ष नेतृत्व के निर्देश के बाद हम प्रदेश के चुनावों में भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
विज्ञापन

- डीके राजपूत, जिला संयोजक, आप




केजरीवाल के लुभावने एवं झूठे वादों ने जनता को गुमराह किया है। कुछ ही दिनों में केजरीवाल एंड कंपनी की पोल खुलेगी। लोगों को अपनी गलती का अहसास होगा।
- पंकज गुप्ता, जिलाध्यक्ष भाजपा, एटा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें