आवास विकास कालोनी में दो दिन से रात में बिजली गुल रहने से कालोनी के बाशिंदे परेशान हैं। कालोनी के लोगों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्या के निदान की मांग की है। ऊर्जा मंत्री को ट्वीट कर भी शिकायत की गई है। इधर, गांधी मूर्ति के पास रखा ट्रांसफार्मर सोमवार को फुंक गया। इससे कई बस्तियों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
नगर की पॉश आवास विकास कालोनी में रविवार रात को भी 12 घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। इससे इनवर्टर आदि भी जवाब दे गए। लोगों को मच्छर और गर्मी के चलते परेशानी का समाना करना पड़ा। कालोनी के अमित तिवारी ने बताया कि लाइनमैन, जेई और एसडीएओ को फोन किया, लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। अधिशासी अभियंता ने भी फोन रिसीव नहीं किया। डीएम को ज्ञापन सौंपने वालों में माधव तिवारी, लोकेश, अंकित, मयंक, नवीन, दीपक, सुुरेश पाल, प्रमोद कुमार, सुरेशचंद्र शर्मा, शैलेंद्र प्रकाश, पवन, राकेश, भुवनेश, रवि मिश्र आदि हैं।
सोमवार को गांधी मूर्ति पर पुलिस चौकी के निकट रखे ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। आसपास के लोगों ने आग बुझाने के प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। ट्रांसफार्मर फुंकने से क्षेत्र में बिजली संकट गहरा गया।
इधर, रविवार की देर रात भिटौना बिजली घर संख्या नौ के उपकरणों में गड़बड़ी आ गई। इससे क्षेत्रकी कई बस्तियों में आपूर्ति बाधित हो गई। सोमवार को सुबह आठ बजे के बाद ही आपूर्ति सुचारु हो पाई। इस बीच पेयजल आपूर्ति पर भी इसका असर पड़ा।
दो दिन से फुंका पड़ा है ट्रांसफार्मर
कस्बे मे रविवार सुबह तेज आंधी और बारिश से पुराने थाने पर रखा 400 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंक गया था, जिसे विभाग ने अभी तक नहीं बदला है। इस कारण आधे कस्बे की आपूर्ति बाधित रही। विभागीय लापरवाही से लोगों में रोष है। कस्बे के सुनील गुप्ता, आकाश गुप्ता, राजकुमार साहू, सकील टेलर, ओमप्रकाश वर्मा, संजय शाक्य, सोमिल गुप्ता, अजय कुमार आदि ने ट्रांसफार्मर सही कराने की मांग की है।
अमांपुर के गांव नादरमई में रविवार रात आई आंधी और बारिश में विद्युत की लाइन टूट गई। इससे गांव में विद्युत की आपूर्ति बाधित हो गई। शिकायत के बाद भी लाइन ठीक नहीं हुई। ग्रामीणों ने शीघ्र लाइन ठीक कराने की मांग की है।
--
फोटो प्रेषित है----