परवान चढ़ रही गर्मी में अब आग ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। बुधवार को कासगंज के पटियाली क्षेत्र के तीन गांव में आग से लगभग 36 घर आग की चपेट में आ गए । लाखों का सामान जल गया। आग बुझाने के प्रयास में छह ग्रामीण झुलस गए जिसमें से तीन की हालत गंभीर है। वहीं जैथरा के गांव डेरा बंजारा में बुधवार को तीस झोंपड़ी और सात किसानों की करीब तीन बीघा गेहूूं की फसल जलकर राख हो गई। सूचना पर दमकल और यूपी-100 के तुरंत नहीं पहुंचने से गुस्साए ग्रामीणों ने देर से पहुंची पुलिस पर पथराव किया और एसएसआई एनडी तिवारी और एक मीडियाकर्मी से मारपीट की। हालात पर नियंत्रण पाने के लिए अलीगंज और कुरावली सर्किल की पुलिस फोर्स और पीएसी बुलानी पड़ी। यहां पुलिस पर हमले में 12 लोगों को नामजद करते हुए कुल 22 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।