संवाद न्यूज एजेंसी।
एटा। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ई-गवर्नेंस सेल में आधार अपडेशन कैंप का शुभारंभ बुधवार को किया गया। यह कैंप लगातार 30 जून तक यहां चलेगा।
जिलाधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल ने शुभारंभ किया। कहा कि कैंप में निर्धारित शुल्क पर नए आधार कार्ड, पुराने आधार कार्ड में मोबाइल नंबर, बायोमीट्रिक, डेमोग्राफिक डाटा अपडेट आदि सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इसके लिए लोग मूल निवास, जन्म प्रमाण पत्र, वोटर आईडी के साथ आ सकते हैं।
एडीएम वित्त एवं राजस्व आयुष चौधरी ने सभी कार्यलय अध्यक्षों को निर्देशित किया कि वह अपने कार्यालय के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को सूचित कर दें कि जिनके द्वारा अपना आधार कार्ड पिछले 10 वर्षों में अपडेट नहीं कराया गया है, वह शिविर का लाभ उठा सकते हैं। डीआईओ एनआईसी संजय कुमार, डीसी मनरेगा प्रभूदयाल, डीएसटीओ प्रदीप कुमार, ईडीएम अविरल तिवारी, इं. स्वरूप पंडा मौजूद रहे।