अलीगंज। थाना क्षेत्र के नगला पड़ाव में एक युवक की बेल्टों से जमकर पिटाई की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
घायल युवक रोहित निवासी ग्राम मुबारकपुर थाना सिकंदराराऊ जनपद हाथरस वर्तमान में मैनपुरी रोड पर निवास कर रहा है। उसने बताया कि वह शनिवार दोपहर करीब 3 बजे नगला पड़ाव बस स्टैंड के पास किसी काम से जा रहा था। तभी चार–पांच अज्ञात लोगों ने उसे घेर लिया और बेल्टों से पीटना शुरू कर दिया। इससे उसका सिर फट गया। मौके पर मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर जान बचाई। घटना की सूचना तुरंत कोतवाली अलीगंज पुलिस को दी गई। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए भेजकर चिकित्सीय परीक्षण कराया। सीओ अलीगंज नितीश गर्ग ने बताया कि घटना की जांच-पड़ताल की जा रही है। घायल का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।