एटा। मेडिकल कॉलेज में दो लोगों को लाया गया जिन्हें चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत कोल्ड डायरिया की वजह से बताई गई। वृद्ध को रक्तचाप की समस्या परिजन ने बताई।
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में रविवार की शाम करीब 4 बजे अंजलि पांडेय (42) निवासी रेलवे रोड को लाया गया। पड़ोसी प्रशांत ने बताया कि उन्हें कई दिनों से सर्दी-खांसी हो रही थी। दोपहर को उन्हें कई बार उल्टी व दस्त हुए। उनका निजी चिकित्सक से इलाज चल रहा था। वहां कोल्ड डायरिया बताया गया था। रविवार शाम के समय उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में लेकर आए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं सोमवार सुबह 9ः50 बजे बसंत कुमार (76) निवासी द्वारिकापुरी को लाया गया। भांजे राजेश कुमार ने बताया कि रोजाना की तरह सुबह के वक्त बसंत कुमार बस स्टैंड से अखबार लेने जा रहे थे।
अचानक से उनका रक्तचाप बढ़ गया जिससे वह रास्ते में गिर गए। स्थानीय लोगों द्वारा घर पर सूचना दी गई जिसके बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।