एटा। मोहल्ला अंबेडकर नगर में एक किशोर ने फंदा लगाकर जान दे दी। किशोर के परिजन शुक्रवार को किसी कार्यक्रम में फिरोजाबाद गए थे। रात को लौटे तो किशोर फंदे से लटक रहा था और सामने कुर्सी पर मोबाइल चल रहा था।
कोतवाली नगर के मोहल्ला अंबेडकर नगर निवासी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को सभी लोग एक कार्यक्रम में शामिल होने फिरोजाबाद गए थे। वहां से रात के लगभग एक बजे घर लौटे तो देखा कमरे का दरवाजा खुला हुआ है। सामने ही पंखे के कुंडे से अंगोछे का फंदा बनाकर बेटा दीपक (17) लटक रहा है। सामने ही मेज पर मोबाइल चल रहा था। परिजन ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सीओ सिटी कीर्तिका सिंह कोतवाली नगर पुलिस और डॉग स्क्वाड व फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गईं। शव को उतारकर पोस्टमार्टम कराया है। सीओ ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या मामला खुदकुशी का ही लग रहा है। मौत का सही कारण तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता लग सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता के साथ जांच-पड़ताल कर रही है। मोबाइल को बरामद कर सीडीआर निकलवाई जा रही है। ताकि, पता चल सके कि मरने से पहले किशोर ने किससे बात की थी।