जलेसर। नगर में आगरा चौराहा स्थित मिस्त्री मार्केट में मंगलवार दोपहर के समय एक दुकान पर एयर प्रेशर टैंक फट गया। दुकान पर काम कर रहे पंचर मिस्त्री को गंभीर चोटें आईं। आगरा ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
मंगलवार को दोपहर करीब ढाई बजे मोहल्ला पठानान निवासी भूरा (38) आगरा चौराहा स्थित मिस्त्री मार्केट में अपनी पंचर की दुकान पर काम कर रहा था। तभी अचानक एयर प्रेशर टैंक जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाका इतनी तेज था कि चारों तरफ धुआं फैल गया। आवाज से पूरे मार्केट में अफरा-तफरी मच गई। मिस्त्री मार्केट के अध्यक्ष संजीव शर्मा सहित आसपास के लोग और दुकानदार आवाज की ओर दौड़ पड़े।
लोगों ने बड़ी मशक्कत के बाद घायल भूरा को दुकान से बाहर निकाला। नगर के एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। चिकित्सकों ने भूरा की गंभीर हालत को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया। आगरा पहुंचने से पहले उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।