एटा। दिल्ली से लौटे पुत्र को रोडवेज बस स्टैंड से साइकिल पर लेकर घर जा रहे पिता-पुत्र को अज्ञात वाहन ने रविवार की सुबह करीब आठ बजे रौंद दिया। इस हादसे में पुत्र की मौत हो गई, जबकि घायल पिता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली देहात कासगंज रोड स्थित बजरंग ढाबा के पास रविवार की सुबह अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार बब्बू उर्फ बॉबी (18) पुत्र बंटी निवासी आईटीआई को रौंद दिया। इस हादसे में बॉबी की मौके पर ही मौत हो गई जब कि बंटी घायल हो गए। परिजनों ने बताया है कि होली के त्योहार पर बॉबी दिल्ली से लौटा था इसको पिता साइकिल से बस स्टैंड से लेकर घर आ रहे थे तभी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। त्योहार पर जवान पुत्र की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। जिले में अलग-अलग हुए हादसों में बिट्टो देवी निवासी बकावली थाना सिढ़पुरा जिला कासगंज, सत्यवती पत्नी हुकुम सिंह निवासी जिटौली थाना निधौली कलां और श्यामवीर निवासी कस्बा व थाना पिलुआ घायल हुए हैं। इनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।