एटा। जामुन तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़े बालक को करंट लग गया। वह नीचे गिरकर घायल हो गया। इसके अलावा कूलर में करंट आने से 4 वर्षीय बालक झुलस गया।
गांव कीलरमऊ थाना बागवाला निवासी राजपाल ने बताया कि रविवार की शाम को 15 वर्षीय बेटा अनुराग खेत के पास खड़े पेड़ से जामुन तोड़ने के लिए ऊपर चढ़ रहा था। उसी समय पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की वजह से करंट लग गया और वह नीचे आ गिरा। आसपास काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे। परिजन को सूचना दी और अनुराग को गाड़ी में बैठाकर मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लाए। यहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया।
राजपाल का आरोप है कि अलीगढ़ में सही तरीके से इलाज नहीं किया गया जिसके कारण बेटे को वापस ले आए और मेडिकल कॉलेज के बर्न वार्ड में इलाज करा रहे हैं। वहीं दूसरी घटना में शहर के कैलाशगंज निवासी अंकुर ने बताया कि 4 वर्षीय बेटा गोलू घर पर खेल रहा था। खेलते-खेलते वह कूलर के पास पहुंच गया जिससे करंट लग गया। उसको मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लाए। यहां उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज के बर्न वार्ड में भर्ती करा दिया गया है।