एटा। महाराणा प्रताप नगर स्थित गुरुद्वारे में सोमवार को गुरु तेग बहादुर का शहीदी दिवस मनाया गया। इस मौके पर रागी-जत्थों ने शबद कीर्तन कर संगतों को निहाल किया।
रागी ज्ञानी सरनजीत सिंह, सुरजीत सिंह, गुरुवेंद्र सिंह ने ‘तेग बहादुर के चलत, भयो जगत को शोक...’ शबद से गुरु तेग बहादुर का स्मरण किया। रागी सरनजीत ने गुरु तेग बहादुर के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे सिखों के नौंवे गुरु थे। हिंदू धर्म की रक्षा के लिए आज ही के दिन शहीद हुए थे।
इससे पूर्व गत माह से चल रहे श्री सहज पाठ का समापन किया गया। इसके बाद गुरुद्वारे में लंगर भी चला। इस मौके पर गुरुवचन सिंह, अशोक सिंह, संतोष सिंह, गुरुदेव सिंह, शीतलदास आदि मौजूद रहे।