एटा। जीटी रोड पर सड़क किनारे खड़ी महिला को तेज गति से आ रहे ट्रक ने रौंद दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पिलुआ क्षेत्र में ट्रक और स्कार्पियो की टक्कर में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
मंगलवार दोपहर दो बजे कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती निवासी 48 वर्षीय मुन्नी देवी पत्नी स्वर्गीय कैलाश चंद्र ठंडी सड़क स्थित एक गैस एजेंसी पर गैस की बुकिंग कराकर रिक्शा से घर लौट रही थीं। शिकोहाबाद रोड के मोड़ पर वे रिक्शा चालक को रुपये दे रही थीं, तभी तेज गति से आ रहे ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी इससे वे सड़क पर गिर पड़ीं। ट्रक का पीछे का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद लोगों की भीड़ देखकर चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। खबर लिखे जाने तक मामले की कोई तहरीर पुलिस को नहीं मिली थी।
दूसरी घटना थाना पिलुआ क्षेत्र में सोमवार सुबह गाजियाबाद से अवागढ़ जा रही स्कार्पियो को ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे गाड़ी में सवार रघुनंदन, रोहित, ऊषारानी, कु. नेहा, देवा निवासी नंदनगरी गाजियाबाद, थाना लोनी क्षेत्र के राजीव तथा सोनू निवासी इंद्रापुरकालोनी थाना लोनी गाजियाबाद घायल हो गए। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इधर, कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला पीपल अड्डा के पास प्राइवेट बस ने बाइक सवार आश मुहम्मद को टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गया। लोगों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
-------------
पिता के बाद मां का भी छूटा साथ
एटा। नगर कोतवाली क्षेत्र के नई बस्ती निवासी बेवा मुन्नी देवी के चार लड़की तथा तीन लड़के हैं। बच्चों के सिर से पिता का साया पहले ही उठ चुका था, सोमवार को मां का साया भी उठ गया। मौजूद लोगों के अनुसार मृतक महिला लोगों के घरों में चौका-चूल्हा कर बच्चों का पेट पालती थी।