अलीगंज। नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक की तानाशाही के चलते आशाओं को उनकी मेहनत का पैसा नहीं मिल रहा है।
विकास खंड परिसर में आशाओं ने बैठक करके अपनी पीड़ा कही। बैठक में शशीदेवी, अनीता, ललिता, पुष्पादेवी ने कहा कि तीन माह पूर्व पोलियो अभियान में उनकी ड्यूटी लगाई गई थी, लेकिन अभी तक ड्यूटी का पैसा नहीं मिला है। यही नहीं टीकाकरण का भी भुगतान नहीं दिया गया है। गांव-गांव से प्रसव के लिए लाई जा रही महिलाओं को सुविधा शुल्क लेकर चेक दे दिए जाते हैं, परंतु उन्हें कोई पैसा नहीं दिया जाता है। वाउचर बनाकर पैसा निकाला जा रहा है। जब इसकी शिकायत करने अधीक्षक डॉ. राजेश शर्मा के पास गए तो उन्होंने फटकार लगाकर भगा दिया और कहा कि यदि काम नहीं करना है तो इस्तीफा दे दें तुम्हारी जगह नई आशाओं की भर्ती कर लेंगे। आशाओं का कहना था कि अधीक्षक की तानाशाही के चलते उन्हें पैसा नहीं मिल रहा है। आशाओं का कहना है कि हमारी जायज मांगें पूरी नहीं की गईं तो मजबूरन धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। बैठक में मंगला देवी, विष्णु देवी, सीमा देवी, मुन्नी देवी, रीना, ममता, रजनी, रमा देवी, कुंती देवी, संगीता आदि आशाएं मौजूद थीं।