एटा। पिलुआ थाना क्षेत्र के गांव नरहोली में रंजिश को लेकर आरोपियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग में सेवानिवृत्त सींचपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक-एक तमंचा बरामद किया है।
जनपद में आपराधिक वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार की देर शाम साढ़े आठ बजे पिलुआ थाना क्षेत्र के गांव नरहोली निवासी सेवानिवृत्त सींचपाल नेत्रपाल (70) खेत की ओर जा रहा था। उसी दौरान गांव के ही ब्रह्मदेव, हरिओम, दिवाकर और प्रभाकर ने पुरानी रंजिश को लेकर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। नेत्रपाल की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक का भतीजे नरेश और धेवता विनीत पर भी आरोपियों ने फायरिंग करते हुए गंभीर घायल कर दिया। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां से दोनों को आगरा रेफर कर दिया। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की रिपोर्ट मृतक के पुत्र प्रेमपाल ने पिलुआ थाना में चारों आरोपियों के खिलाफ दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि ब्रह्मदेव और हरिओम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिनके कब्जे से एक-एक तमंचा भी बरामद हुआ है, वहीं फरार दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।