एटा। कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव सिरसारी में शुक्रवार की रात मामूली विवाद में एक युवक ने चारपाई पर सो रहे अधेड़ की लाठी-डंडों से पीट-पीट कर हत्या कर दी। घटना के बाद भागते आरोपी को गांववालों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
गांव सिरसारी में शुक्रवार की रात चौपाल पर 55 वर्षीय महीपाल चारपाई पर सो रहे थे। इसी बीच जिला कासगंज के थाना अंमापुर के गांव शेखूपुरा निवासी गोविंद लाठी लेकर वहां पहुंच गया। उसने सो रहे महीपाल की लाठी से पीट-पीट कर हत्या कर दी। इससे पूर्व महीपाल की चीख पुकार सुनकर आसपास सो रहे लोग जाग गए और मौके की ओर दौड़े। जहां उन्होंने गोविंद को पकड़ लिया और घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को कब्जे में लेने के साथ ही आरोपी भी अपने कब्जे में ले लिया। आरोपी चार साल से इसी गांव में अपने फूफा चोखेलाल के घर रह रहा है।
परिवारीजनों और गांव वालों ने पुलिस को बताया कि गांव के बाहर चौपाल के निकट खेतों में महिलाएं शौच को जाती हैं। आरोपी गोविंद भी उधर ही जाता है। दीपावली के दिन महीपाल ने उससे मना किया था। इस पर गोविंद उससे रंजिश मानने लगा। इसी रंजिश को लेकर शुक्रवार की रात महीपाल की हत्या कर दी गई। घटना की नामजद रिपोर्ट लिखाई गई है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को जेल भेज दिया है। तीन लोगाें पर लगाया हत्या करने का आरोप
एटा। मृतक के छोटे भाई पन्नालाल ने बताया कि उसके भाई की हत्या गोविंद और उसकी बहन एवं मां तीनों ने मिलकर की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि महीपाल की हत्या गोविंद ने ही की है। उसी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।मृतक के भाई ने बताया कि शुक्रवार की सुबह को ही गोविंद ने गांव से जुगाड व़ाहन में सामान लादकर अपने गांव शेखूपुरा भिजवाया था। इससे साबित हो रहा है कि पूरी प्लानिंग के साथ भाई की हत्या की गई है। पुलिस जांच कर रही है।