राजा का रामपुर। थाना क्षेत्र में रंजिश को लेकर शनिवार की देर रात दो पक्षों में ताबड़तोड़ गोलियां चलीं। इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर दोनों ही पक्षों के लोग भाग गए। इस मामले में अभी तक कोई तहरीर पुलिस को नहीं मिली है।
गांव नगला बक्खी निवासी दो पक्षों में रंजिश चली आ रही है। किसी बात पर शनिवार की रात दोनों पक्षों में झगड़ा इतना बढ़ गया कि ताबड़तोड़ फायरिंग होने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनाें पक्षों में करीब आधा घंटे तक फायरिंग हुई। इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। बताते हैं कि प्रधानी के चुनाव को लेकर दोनों पक्षों में विवाद होता चला आ रहा है। घटना की सूचना थाना पुलिस को दी। एसओ का कहना है कि गोली चलने की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी, लेकिन कोई आरोपी हाथ नहीं लगा और न ही अभी तक कोई तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।