एटा। लूट और चोरी के दो आरोपी कोतवाली नगर थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पकड़ लिए। बाद में उन्हें जेल भेज दिया गया।
राम भरोसे पुत्र शंकरलाल और कप्तान सिंह पुत्र सोनेलाल निवासी रजपुरा थाना नयागांव दोनों ही आरोपी लूट एंव चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम देने का काम करते हैं। इन्होंने बीती 18 अप्रैल को पंजाबपुरा निवासी शकुंतला से रिक्शा में बैठते समय उसका पर्स दो बाइक सवार बदमाशों ने लूट लिया था। जिसमें उसका मोबाइल और नगदी भी थी। इसके साथ ही 25 अप्रैल को शहर के गांधी मार्केट स्थित एक क्लीनिक पर अपने नाती का उपचार करा रहे सेवानिवृत्त एसआई रामवीर निवासी नगला दयाराम थाना एका फीरोजाबाद का चालीस हजार नोटों से भरा बैग चोरी हो गया था। दोनों पीड़ितों ने मामला की रिपोर्ट कोतवाली नगर थाना में दर्ज कराई थी। सक्रिय हुई पुलिस ने रामभरोसे और कप्तान सिंह को शनिवार की देर रात आवास विकास तिराहा समीप से गिरफ्तार कर लिया। जिनके कब्जे से महिला का लूटा हुआ मोबाइल और बिना नंबर की एक बाइक पुलिस ने बरामद की है। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया। एसओजी प्रभारी ने बताया कि इससे पूर्व कप्तान सिंह निधौलीकलां थाना क्षेत्र में शिक्षक से एक लाख रुपये की लूट की घटना में भी शामिल था।