मौसम का बदलता मिजाज स्वास्थ्य के लिए घातक होने लगा है। सर्दी, खांसी, वायरल फीवर के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। स्वास्थ्य केंद्र पर ऐसे मरीजों की भीड़ लग रही है। भीड़ बढ़ने से मरीजों को काफी परेशानी हो रही हैं।
मौसम का मिजाज एकदम बदल चुका है। कोहरे और ठिठुरन भरी ठंड से फिलहाल लोगों को निजात मिल चुकी है, लेकिन सुबह एवं सांय के समय अभी मौसम में ठंड बरकरार है। दोपहर के समय तेज धूप निकल रही है। ऐसे में लोगों के स्वास्थ्य पर भी इसका असर देखा जा रहा है। सोमवार को जिला चिकित्सालय पर मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। लगभग 800 मरीज अपना उपचार कराने को अस्पताल पहुंचे। इनमें अधिकांश मरीज सर्दी, खांसी, वायरल फीवर से पीड़ित रहे। मरीजों की भीड़ के चलते उन्हें काफी दिक्कतें हुई। पहले वे पर्चा बनवाने के लिए लाइन में लगे। इसके बाद चिकित्सकों को दिखाने में भी लाइन में लगना पड़ा। जब दवा लेने की बारी आई तो वहां भी लंबी लाइन के दौर से मरीजों को गुजरना पड़ा। चिकित्सा अधीक्षक डा. कृष्ण अवतार ने बताया कि विभाग के पास पर्याप्त दवाएं हैं। बदलते मौसम में बीमारियों का प्रकोप एक स्वभाविक प्रक्रिया है। जो भी मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं उन्हें किसी भी प्रकार की दिक्कतें नहीं होने दी जा रही।