एटा। कोरोना संक्रमण से जिले में कोहराम मचा है। क्राइम ब्रांच प्रभारी सहित सात संक्रमित व्यक्तियों की मौत हो गई। वहीं जलेसर एसडीएम सहित 237 कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 4667 पर पहुंच गई है।
क्राइम ब्रांच प्रभारी 19 अप्रैल को चुनाव ड्यूटी से लौटने के बाद बीमार पड़ गए। परिजनों ने आगरा के एक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां दो दिन पहले वह कोरोना पॉजिटिव आए। शुक्रवार रात वहीं उनकी मौत हो गई। गांव सिंहपुर निवासी एक व्यक्ति दो दिन पहले कोरोना पॉजिटिव आया था। उसे बागवाला कोविड अस्पताल में भर्ती किया गया। बृहस्पतिवार रात उसकी मौत हो गई। शहर के मोहल्ला श्रंगार नगर निवासी एक बुजुर्ग की मौत सैफई में शनिवार सुबह हुई। शहर के मोहल्ला शांतिनगर निवासी 38 वर्षीय युवक 21 को संक्रमित पाया गया था। आगरा के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। शुक्रवार रात मौत हो गई। गोरखपुर निवासी एक व्यक्ति कासगंज रोड पर एक माह पहले अपनी रिश्तेदारी में आया था। बीते दिनों कोरोना जांच में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। आगरा में शनिवार को मौत हो गई। मोहल्ला संजय नगर निवासी बुजुर्ग महिला 22 अप्रैल को पॉजिटिव आईं। उन्हें बागवाला में भर्ती किया गया, हालत बिगड़ने पर सैफई भेजा गया। वहां शनिवार को मौत हो गई। निधौलीकलां ब्लाक के गांव पिपहरा में एक अधेड़ पॉजिटिव आया। जिला अस्पताल में शुक्रवार की रात उसकी मौत हो गई। उधर जलेसर एसडीएम, जलेसर विधायक की पुत्री, दो प्रभारी चिकित्साधिकारी सहित 237 कोरोना पॉजिटिव आए।
--------
कोरोना अपडेट
पॉजिटिव मामले- 4637
स्वस्थ लोग- 2850
जिले में मौत- 51
सक्रिय केस- 1737
--------
शनिवार को 237 पॉजिटिव केस आए हैं। वहीं सात लोगों की मौत कोरोना से हुई है। पॉजिटिव आए मरीजों को स्वास्थ्य टीम द्वारा होम आइसोलेट किया जा रहा है।
लोकमन सिंह, प्रभारी जिला मलेरिया अधिकारी
्र