एटा। जिले में रबी विपणन सत्र को लेकर प्रशासन ने गेहूं खरीद की तैयारियां तेज कर दी हैं। किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदने के लिए जिले में कुल 67 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। 10 दिनों में इन केंद्रों पर गेहूं की खरीद शुरू होने की संभावना है। इसके चलते किसान भी अपनी उपज बेचने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने में जुट गए हैं।
जिला विपरणन अधिकारी सुभाष कुमार के बताया कि इस वर्ष किसानों को गेहूं बिक्री में किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए विभिन्न एजेंसियों के माध्यम से जिले भर में क्रय केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर खाद्य विभाग, पीसीएफ, पीसीयू, मंडी समिति और अन्य संस्थाओं की ओर से गेहूं की खरीद की जाएगी।
कहा कि गेहूं खरीद शुरू होने से पहले सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी की जा रही हैं। केंद्रों पर तौल के लिए कांटे, बारदाना, श्रमिकों की व्यवस्था और अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी तरह की दिक्कत न हो।
इधर किसानों ने भी गेहूं बेचने के लिए खाद्य विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण कराना शुरू कर दिया है अब तक 309 किसानों ने पंजीकरण कराया है। कहा कि बिना पंजीकरण के किसानों से गेहूं की खरीद नहीं की जाएगी।
इसलिए विभाग किसानों से समय रहते पंजीकरण कराने की अपील कर रहा है। किसान गेहूं बेचने के लिए खाद्य एवं रसद विभाग की वेबसाइट या जन सेवा केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के दौरान आधार कार्ड, बैंक खाता और भूमि संबंधी दस्तावेजों की जानकारी देनी होती है। पंजीकरण के बाद ही किसान क्रय केंद्र पर अपनी उपज बेच सकेंगे। संवाद