अलीगंज। सराफा व्यापारी से हुई लाखों की लूट में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर दीपक गिरि को शुक्रवार को रिमांड पर लिया। उसकी निशानदेही पर काली नदी के किनारे से करीब 600 ग्राम चांदी के नए और पुराने आभूषण बरामद किए गए हैं। आरोपी ने बताया कि लूट में अपने हिस्से में आए आभूषणों को नदी किनारे छिपाकर रखा था।
22 अक्तूबर को कस्बे के मोहल्ला मेवातियान निवासी सर्राफा व्यापारी संजय यादव अपनी दुकान बंद कर भतीजे विकास के साथ मोटरसाइकिल से गांव पुराहार जा रहे थे। उनके पास सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग और नकदी थी। रास्ते में अपाचे मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने पीछे से उनकी बाइक में टक्कर मारकर गिरा दिया और बैग लूट ले गए थे। इस मामले में मुख्य आरोपी वीरेंद्र निवासी मैनपुरी एनकाउंटर में मारा जा चुका है। वहीं दीपक गिरि पैर में गोली लगने से घायल हुआ था।
जैथरा थाना क्षेत्र में काली नदी के किनारे सुबह करीब 10:54 बजे आरोपी की निशानदेही से 600 ग्राम चांदी के नए और पुराने आभूषण बरामद कर किए गए हैं। शेष लूटे गए माल की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। - राजेश कुमार सिंह, सीओ अलीगंज