एटा। थाना बागवाला क्षेत्र एटा-अलीगंज मार्ग स्थित गांव कीलरमऊ के पास रात करीब 9 बजे स्कार्पियो कार और ऑटो रिक्शा में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार दो और ऑटो में बैठे दंपती सहित 4 लोग घायल हो गए। घायलों को रात में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां से दंपती सहित तीन को हायर सेंटर रेफर किया गया है। ऑटो सवार जिला फर्रुखाबाद थाना कायमगंज क्षेत्र के गांव जिजपुरा निवासी सुरजीत, पत्नी अनीता गांव का बबलू के अलावा बहनोई मुनेश कुमार निवासी बरौलिया थाना जैथरा घायल हुए हैं। वहीं कार सवार मनोज कुमार निवासी शीतलपुर कोतवाली नगर और अजयवीर सिंह निवासी गांव खंगारपुर थाना मिरहची को भी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
ऑटो सवार सुरजीत के भाई आशीष कुमार ने बताया कि चारों लोग दिल्ली ऑटो से जा रहे थे। बबलू का ऑटो था। वह दिल्ली में ऑटो चलाता है। उसने बताया भाई भाभी के अलावा बहनोई मुनेश भी दिल्ली जा रहे थे। गांव कीलरमऊ के पास सामने से आ रही स्कार्पियो कार ने ऑटो में टक्कर मार दी। बहनोई, भाभी और ऑटो चालक को गंभीर चोटें आई हैं। ऑटो चालक का उपचार दिल्ली में चल रहा है, जबकि बहनोई और भाभी का इलाज सैफई में कराया जा रहा है।
वहीं कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित रोडवेज बस स्टैंड के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बरात से लौट रहे बाइक सवार संदीप कुमार निवासी जेल रोड और शिवम यादव निवासी यादव घायल हुए हैं। अन्य हादसे में घायल सौरभ और पत्नी हेमलता निवासी गांव भूपालगढ़ी थाना ढोलना जिला कासगंज को मेडिकल कॉलेज में सोमवार सुबह करीब 10 बजे भर्ती कराया गया है।