बद्रेश्वर अखाडे़ पर गुरुवार को कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 5100 रुपये सहित कई इनामी कुश्तियां बराबरी पर छूटी। मात्र 1100 रुपये की तीन इनामी कुश्तियों में ही हार जीत का फैसला हो सका।
कुश्ती का शुभारंभ एसपी सुनील कुमार ने अखाड़ा संस्थापक स्व.उपेंद्र पहलवान के चित्र पर माल्यार्पण कर व दो पहलवानों के हाथ मिलाकर कराया। कुश्ती प्रतियोगिता में अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, एटा, बदायूं, शाहजहांपुर के पहलवानों के अलावा हरियाणा व दिल्ली के नामी पहलवानों ने भाग लिया। देर रात चली प्रतियोगिता में दो दर्जन से अधिक कुश्तियां आयोजित हुईं। 5100 रुपये की इनामी कुश्ती बदरिया के कल्लू व बदायूं के शेखूपुर के अनूप के बीच बराबरी पर छूटी। 3100 रुपये की इनामी कुश्ती एटा के मिरहची के उजागर व सिकंदरपुर वैश्य के अवनीश के बीच बराबरी पर छूटी। 2100 रुपये की इनामी कुश्ती कादरवाड़ी के लालसिंह व मिरहची के संजय के बीच बराबरी पर छूटी। 1100 रुपये की इनामी कुश्ती बदरिया के कल्लू व सोरों के सोनू के बीच हुई जिसमें सोनू ने बाजी मारी। इसी इनाम की कुश्ती में दतलाना के आधार ने कादरवाड़ी के देवी को पटखनी दी। एक अन्य कुश्ती में बदरिया के जलील ने चकेरी के लालसिंह को मात दी। आयोजकों की ओर से एसपी व अन्य अतिथियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। संचालन रमाकांत तिवारी ने किया। निर्णायक देवेंद्र गुप्ता व रेफरी मुन्नालाल पहलवान व महेंद्र सिंह गौतम रहे। इस दौरान हरीकांत तिवारी, अरविंद अग्रवाल, हरीश वार्ष्णेय, रेवती रमण माहेश्वरी, विदेश बाबू, रजनेश गुप्ता, देवीलाल तिवारी, लालाराम मैथिल, अवधेश गुप्ता, जितेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।