जलेसर। आतिशबाजी की दुकानें लगाने के लिए बुधवार को तहसील सभागार में लॉटरी प्रक्रिया कराई गई। निर्धारित 50 दुकानों के लिए 67 व्यापारियों ने आवेदन किया था। लॉटरी के माध्यम से 50 व्यापारियों का चयन हुआ जबकि 17 आवेदकों को निराश होकर लौटना पड़ा।
सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में इस बार तहसील मुख्यालय पर आतिशबाजी की केवल 50 दुकानें लगाने की अनुमति दी गई है। उप जिलाधिकारी पीयूष रावत के निर्देशन में तहसीलदार हीरेश कर्दम की मौजूदगी में तीन वर्षीय बालिका से पर्चियां निकलवाई गईं।
लॉटरी में जलेसर के 29 आवेदकों में से 24, अवागढ़ के 33 में से 21 और सकरौली के सभी पांच आवेदकों का चयन हुआ। इस तरह कुल 50 व्यापारियों को दुकान लगाने का अवसर मिला। शेष 17 आवेदकों की पर्ची नहीं निकलने से उन्हें मायूसी हाथ लगी।
उप जिलाधिकारी पीयूष रावत ने चयनित व्यापारियों को निर्देश दिए कि आतिशबाजी की सभी दुकानें एमजीएम इंटर कॉलेज के मैदान में ही लगाई जाएंगी। सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य होगा। निर्धारित स्थान के अलावा कहीं अन्य जगह दुकान लगाने पर संबंधित व्यापारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।