एटा। जलेसर कस्बे में रविवार को एक संपत्ति का विवाद हुआ था। वक्फ बोर्ड की जमीन बताते हुए एक पक्ष ने दूसरे पर हमला और पथराव किया था। बवाल करने वाले 2 आरोपियों को सोमवार को जेल भेजा गया। वहीं, मंगलवार को 4 अन्य पत्थरबाज भी पुलिस ने पकड़ लिए। उधर, कस्बे में ड्रोन कैमरों की मदद से चप्पे-चप्पे पर हर हरकत पर नजर रखी जा रही है।
रविवार को कलवारी मार्ग पर स्थित हजरत इब्राहिम की दरगाह के पास सतीश चंद्र और रमेश चंद्र अपनी जमीन पर चहारदीवारी करा रहे थे। उसी समय दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने भूमि को वक्फ बोर्ड का बताते हुए लाठी-डंडे लेकर हमला कर दिया। जब तक पुलिस को सूचना मिली इन उपद्रवियों ने पथराव करना शुरू कर दिया। हमले में तीन लोग घायल हो गए। जबकि 3 बाइक और 1 लोडर वाहन को इन लोगों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। सर्किल के सभी थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और बलवाइयों को खदेड़ा था। पीड़ित पक्ष की ओर से 16 नामजद और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
घटना के आरोपी रफीक और इरफान उर्फ गुड्डू को सोमवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जबकि मंगलवार को दानिश निवासी मोहल्ला पठानान, अनीस और मुकीम निवासी खादनाम, सत्तार निवासी बाला की बगिया को गिरफ्तार किया गया है। एसएसपी श्याम नारायण सिंह ने बताया कि शेष आरोपियों की तलाशा की जा रही है। कस्बे के चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों का प्रयोग किया जा रहा है। किसी व्यक्ति के यहां अगर संदिग्ध वस्तु मिलती है तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।