एटा। गैंग बनाकर अपराध करने के मामले में गैंगस्टर एक्ट के दोषी को न्यायालय ने तीन साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही पांच हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। यह फैसला बृहस्पतिवार को एडीजे-3 गैंगस्टर एक्ट कोर्ट ने सुनाया। जैथरा थाना क्षेत्र के गांव महमंता निवासी राजू के खिलाफ 19 दिसंबर 2019 को कोतवाली नगर में गैंगस्टर एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोप था कि वह गिरोह बनाकर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था। विवेचक ने साक्ष्य संकलित कर तीन नवंबर 2021 को न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया था।
ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान के तहत मॉनिटरिंग सेल और अभियोजन शाखा ने न्यायालय में मजबूत पैरवी की। न्यायालय ने बृहस्पतिवार को आरोपी राजू को दोषी करार देते हुए तीन साल के सश्रम कारावास और पांच हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। संवाद