घर से करीब 200 मीटर दूर काक नदी में मंगलवार रात बीए की छात्रा का अर्धनग्न शव मिलने से सनसनी फैल गई। परिजन दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पिता की तहरीर पर सकीट थाना पुलिस ने दुष्कर्म और हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सकीट थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़ित पिता ने बताया कि उनकी 19 वर्षीय बेटी बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। मंगलवार शाम लगभग चार बजे वह घर से गोबर डालने के लिए निकली थी। जब काफी देर तक वह नहीं लौटी तो मौसेरी बहन गोबर डालने वाले स्थान पर पहुंची। वहां देखा तो तसला पड़ा हुआ था मगर बेटी नहीं थी। उसने घर पर आकर परिजन को जानकारी दी। इसके बाद जब बेटी की तलाश शुरू की तो घर से लगभग 200 मीटर दूर अर्धनग्न अवस्था में काक नदी में उसका शव दिखा।
यह देखकर परिजन के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही सीओ सकीट कीर्तिका सिंह, थाना पुलिस के साथ ही फोरेंसिक, स्वाट और डॉग स्क्वाॅड मौके पर पहुंच गई। आसपास से साक्ष्य संकलन किया गया। सीओ सकीट ने बताया कि युवती अर्धनग्न अवस्था में मिली है। शरीर पर किसी प्रकार की ऊपरी चोट के निशान नहीं हैं। पिता की तहरीर के आधार पर दुष्कर्म और हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और गहनता के साथ छानबीन की जा रही है।
तीन माह की बच्ची को लिया था गोद
पीड़ित पिता की कोई संतान नहीं थी तो परिवार के ही भतीजे की बेटी को गोद ले लिया था। तब वह मात्र 3 माह की थी। पीड़ित ने रोते हुए बताया कि पाल-पोसकर बड़ा किया, क्या पता था कि बेटी के साथ इस तरह की हैवानियत हो जाएगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दुष्कर्म होने के बारे कुछ कहा जा सकता है। फिलहाल घटना के खुलासे के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-श्वेताभ पांडेय, एएसपी