एटा। आधार सत्यापन नहीं कराया तो वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिल सकेगी, सत्यापन कार्य अनिवार्य किया गया है। लेकिन जिले के करीब 16 हजार वृद्ध लाभार्थी सत्यापन से दूर हैं। इसके लिए जिले में 30 जुलाई तक ब्लॉक स्तरीय, नगर पालिका व नगर पंचायतों में जगह-जगह शिविर लगाए जाएंगे। ताकि कोई भी वृद्ध पेंशन पाने से वंचित नहीं रहे।
वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत आधार प्रमाणीकरण (सत्यापन) का कार्य चल रहा है। जिले में 16120 पेंशनरों के आधार सत्यापन का कार्य पूरा नहीं हो पाया है। जनसेवा केंद्रों पर आधार सत्यापन का कार्य चल रहा है। इसके अलावा प्रत्येक ब्लॉक, नगर पालिका व नगर पंचायतों में 30 जुलाई तक वृद्धजनों की सुविधा के लिए शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में पहुंचकर पेंशनर अपना आधार सत्यापन करा सकते हैं।
जिलाधिकारी अंकित अग्रवाल के निर्देश पर समाज कल्याण अधिकारी के नेतृत्व और ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर के निर्देशन में 17 जगहों को शिविरों को लिए चिह्नित किया गया है। सभी ब्लॉक, तहसील, नगर पालिका और नगर पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे। इनमें जन सुविधा केंद्र प्रभारियों को उपकरण सहित उपस्थित रहने के डीएम की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं।
राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन के पात्रों का आधार सत्यापन कार्य चल रहा है। अभी 16120 पेंशनरों का सत्यापन शेष है। ब्लॉक, नगर पालिका व नगर पंचायतों में शिविर लगवाकर सत्यापन कराया जा रहा है।
रश्मि यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी