अलीगंज। क्षेत्र के अकबरपुर कोट रोड पर स्थित एक्सपेलर की दुकान का जंगला तोड़कर चोर घुस आए। सरसों के 12 बोरे और करीब 225 लीटर तेल चोरी कर ले गए। शनिवार सुबह चोरी की जानकारी होने पर दुकान स्वामी ने पुलिस को घटना की सूचना दी। तीन माह पहले भी चोर इस दुकान को निशाना बना चुके हैं। कस्बे के टपकन टोला निवासी छोटू की अकबरपुर कोट रोड पर दुकान है और इसी रोड पर उसके खेत हैं। शनिवार की सुबह छोटू जानवरों के लिए चारा लेने के लिए खेत पर गए थे। जाते समय दुकान के पीछे का जंगला टूटा हुआ देख वह दंग रह गया। पास जाकर देखा तो जंंगला उखड़ा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा देख चोरी की बात समझ में आ गई। दुकान में रखे हुए सरसों के 12 बोरे, 225 लीटर सरसों का तेल, कांटा और गोलक में रखे 2500 रुपये चोरी कर लिए गए थे। छोटू की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण करते हुए जल्द घटना का खुलासे का आश्वासन दिया। छोटू ने बताया तीन माह पहले भी उसकी दुकान में चोरी हुई थी जिसका अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। सीओ नितीश गर्ग ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज व अन्य माध्यम से जांच-पड़ताल की जा रही है। जल्द ही चोरों को पकड़ा जाएगा।