एटा। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में आठ कांवड़ियों सहित 11 लोग घायल हो गए। जिनमें से 6 की हालत को गंभीर देखते हुए आगरा रेफर किया गया है।
प्रमोद निवासी नगला किंदर थाना बागवाला बाइक लेकर किसी कार्य से अलीगंज जा रहा था। जैथरा कस्बा के समीप सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई, जिससे वह घायल हो गया। वहीं, अवनीश, सुनील और राहुल निवासी पाढ़म थाना जसराना कांवड़ लेकर आ रहे थे। रास्ते में अज्ञात वाहन की चपेट में आकर घायल हो गए। कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव सिरांव निवासी अमित और नरेंद्र निवासी बमनई थाना पिलुआ अलग-अलग हादसों में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से घायल हो गए।
श्रीकृष्ण और थान सिंह निवासी भुरगवां के साथ ही भूपेंद्र सिंह, गौरव और धर्मवीर निवासी शिवराई थाना एका जिला फिरोजाबाद कांवड़ लेकर आते समय मिरहची थाना क्षेत्र में सिरसा टिप्पू के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से घायल हो गए। इनमें से नरेंद्र, भूपेंद्र, गौरव, धर्मवीर, इनामसिंह और श्रीकृष्ण को आगरा रेफर किया गया है। अन्य सभी लोगों का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।