एटा। अलग-अलग स्थानों में रविवार रात से सोमवार तक हुए सड़क हादसों में 11 कांवड़िये घायल हो गए। इनमें से 9 का मेडिकल कॉलेज में तो 2 का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मिरहची पर उपचार कराया गया।
थाना कोतवाली नगर के गांव गंगनपुर निवासी संतोष, आदेश, रोहित और भोला कांवड़ भरने रविवार शाम कछला गंगा घाट जा रहे थे। ये लोग कोतवाली देहात क्षेत्र के गिरौरा के समीप पहुंचे। तभी पीछे से आ रहे कैंटर ने टक्कर मार दी। चारों लोग घायल हो गए। इनमें से दो को मेडिकल कॉलेज और दो को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मिरहची में भर्ती कराया गया।
इसके अलावा रविवार रात डाक कांवड़ ला रहे कपिल और निशांत निवासी मरथरा, राघवेंद्र निवासी जिरसमी खेरिया की मैक्स पिकअप डिवाइडर से टकरा गई। इससे ये सभी घायल हो गए। यह लोग कांवड़ भरकर लौट रहे थे, तभी कासगंज में यह दुर्घटना हो गई। हादसे के बाद घायलों को जिला अस्पताल कासगंज भेजा गया। वहां से मेडिकल कॉलेज एटा भेज दिया गया। इसके साथ ही बाबू, सिंटू और देवेश निवासी फिरोजाबाद और गौरव शाक्य निवासी मैनपुरी भी मिरहची थाना क्षेत्र में कांवड़ लेने जाते समय घायल हो गए। इन सभी का भी मेडिकल कॉलेज में ही उपचार चल रहा है। सोमवार को कांवड़ लेकर जा रहे देवेंद्र निवासी शिवपुरी मध्य प्रदेश को नगला जसराम पर बाइक की चपेट में आकर घायल हो गए।
स्कूटी से टकराई स्कॉर्पियो, महिला की मौत
एटा। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शनिवार देर रात हुए सड़क हादसों में महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। आसाराम बापू के आश्रम जाते समय महिला की स्कूटी में स्कॉर्पियो कार ने टक्कर मार दी। दूसरे हादसे में कार की चपेट में आने से युवक की जान चली गई।
थाना कोतवाली देहात के गांव विरामपुर निवासी पुष्पा देवी (75) रविवार देर शाम धेवते गुलशन के साथ स्कूटी से आसाराम बापू के आश्रम जा रही थीं। गुलशन के भाई अरुण पचौरी ने बताया कि स्कूटी कोतवाली देहात में जीटी रोड किनारे स्थित एसके कॉलेज के सामने पहुंची, तभी स्कार्पियो ने टक्कर मार दी। हादसे में गुलशन और उसकी नानी पुष्पा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। लोगों ने दोनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद पुष्पा देवी को आगरा रेफर कर दिया। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
दूसरी घटना में थाना बागवाला क्षेत्र में रविवार देर शाम सत्तारपुर के समीप बाइक से जा रहे जीजा-साले को कार ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में राजेंद्र सिंह निवासी नगला डांडा थाना जैथरा और साला उपेंद्र सिंह निवासी दहेलिया पूठ थाना जसरथपुर घायल हो गए। दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। चिकित्सक ने राजेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं उपेंद्र सिंह का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
बिजली के खंभे में करंट आने से गाय मरी
एटा। अवागढ़ के गांव नगला बसु में सोमवार को बिजली के खंभे में करंट उतर आया। इससे चिपककर गाय मर गई। गांव निवासी गोपाल सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे वह अपनी गाय को सरकारी हैंडपंप पर पानी पिलाने गए थे। पानी पिलाने के बाद जैसे ही गाय को लेकर लौट रहे थे, पास में लगे बिजली के खंभे से गाय चिपक गई। जब तक हम मामले को समझ पाते, इतनी देर में गाय मर चुकी थी। गोपाल का कहना है कि विद्युत खंभे में करंट आने की सूचना पूर्व में लाइनमैन को दी थी, लेकिन कोई गौर नहीं किया गया।
पेड़ से टकराई कार, हाथरस के एसीओ चकबंदी, प्रधान और 2 लेखपाल घायल
जलेसर। कोतवाली क्षेत्र के जलेसर-अवागढ मार्ग स्थित गांव अकराबाद मोड़ पर सोमवार शाम एक कार का टायर फट गया। बेकाबू होकर कार पेड़ से टकरा गई। इसमें बैठे हाथरस के एसीओ चकबंदी, एक प्रधान और 2 लेखपाल घायल हो गए। सभी की नाजुक हालत देखते हुए अलीग रेफर किया गया है।
सोमवार शाम करीब 4.30 बजे जलेसर की तरफ से जा रही कार का टायर फट गया। कार पेड़ से टकराने से इसमें बैठे हाथरस जनपद के हसायन थाना क्षेत्र के गांव सिकतरा के ग्राम प्रधान उदयप्रताप सिंह, प्रवीण कुमार लेखपाल निवासी मेरठ, राजवीर सिंह एसीओ चकबंदी निवासी इगलास रोड लोहर्रा हाथरस, दुर्जन सिंह लेखपाल निवासी फिरोजपुर सलोनी मारहरा गंंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला।
एंबुलेंस बुलवाकर सभी को सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ रेफर कर दिया। एसडीएम जलेसर राजकुमार मौर्य ने सीएचसी पर पहुंचकर घायलों की जानकारी ली। बताया गया है कि कार लेखपाल प्रवीन की थी जो स्वयं चला रहे थे। सभी लोग हाथरस जनपद में तैनात साथी लेखपाल रवि यादव निवासी कुरावली मैनपुरी के पिता के निधन की सूचना मिलने पर वहां जा रहे थे।