एटा। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में 11 लोग घायल हो गए। इनमें से 2 की हालत को गंभीर देखते हुए आगरा रेफर किया गया है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव घिलौआ निवासी योगेंद्र का ई रिक्शा गांव के पास ही रविवार की देरशाम अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। कोतवाली नगर के आगरा रोड निवासी मोनू निधौली कलां से रविवार की देर शाम दावत खाकर लौट रहा था। तभी कस्बा में ही सड़क किनारे खड़ी ट्राली से उसकी बाइक टकरा गई। जिससे वह घायल हो गया।
थाना कोतवाल देहात के गांव गोपालपुर निवासी राजू अपनी मौसी की शादी में बाइक से शामिल होने जा रहा था। रास्ते में सामने से कार ने टक्कर मार दी। जिसके चलते वह गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना पिलुआ के गांव नगला इमलिया निवासी सुर्जन सिंह की बाइक तेज अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई। जिससे वह घायल हो गया। कोतवाली नगर के सामने बाइक की टक्कर से सुनहरी नगर निवासी सिद्धेश घायल हो गया।
अन्य सड़क हादसों में थाना व कस्बा निधौली कलां निवासी अकबर, दलूपुर सकीट निवासी रक्षपाल, घिरोर मैनपुरी निवासी लालू, बागवाला के बेगूसराय निवासी ममता व प्रिया, कोतवाली नगर के नेहरू नगर निवासी अनिरुद्ध और थाना सिढ़पुरा कासगंज निवासी देव गंभीर रुप से घायल हो गए। जिसमें से लालू और अनिरुद्ध की हालत को गंभीर देखते हुए आगरा रेफर किया गया है।