एटा। एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) में शुक्रवार को 10 और बीएलओ चैंपियन बने। इन सभी ने अपने बूथ क्षेत्र के मतदाताओं के गणना प्रपत्र भरने के साथ ही डिजिटाइज कर दिए हैं।
कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को बैठक के दौरान डीएम प्रेम रंजन सिंह ने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलिता नहीं होनी चाहिए। किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या या अन्य किसी समस्या का निदान जिला स्तर पर मौजूद एसआईआर वार रूम में मौजूद अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है।
131 सेक्टर अधिकारी अपने अपने बीएलओ की प्रगति की सूचना जिला निर्वाचन कार्यालय को लगातार उपलब्ध करा रहे हैं। मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि अंतिम तिथि 4 दिसंबर का इंतजार न करें। जल्द से जल्द गणना प्रपत्र को भरकर बीएलओ को दे दें जिससे आपका नाम डाटा एंट्री में शामिल हो जाए। इस अवसर पर एडीएम प्रशासन सत्यप्रकाश, एडीएम न्यायिक रमेश चंद्र मौर्य, एसडीएम सदर विपिन कुमार मोरल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
अलीगंज में 70 प्रतिशत हुआ कार्य
अलीगंज। तहसील सभागार में शुक्रवार को एसडीएम जगमोहन गुप्ता ने समीक्षा बैठक की। बताया कि एसआईआर कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और लगभग 70 प्रतिशत कार्य हो गया है। कार्य पूरा करने वाले 6 बीएलओ की सराहना की। सभी कर्मचारियों से फील्ड में सक्रिय रहकर शेष कार्य को शीघ्रता से पूर्ण करने पर जोर दिया। संवाद