दिल्ली में दामिनी के साथ दरिंदगी का जो खौफनाक चेहरा सामने आया था कुछ वैसी ही दरिंदगी की एक घटना हाथरस के पुरदिलनगर में हुई है। आठ दरिंदों ने एक दलित महिला के घर में घुसकर उसके साथ घंटों दुष्कर्म किया। विरोध करने पर महिला की जमकर पिटाई की और उसके होठ तक काट दिए।
बदमाशों ने महिला के पति और नाती को भी पीटकर घायल कर दिया। जाते-जाते आरोपी महिला से 1380 रुपये, कान के कुंडल और अन्य जेवर लूट ले गए। सोमवार देर रात हुई इस घटना के विरोध में मंगलवार सुबह लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने जलेसर रोड जाम कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही शासन को इस मामले की रिपोर्ट भी भेज दी गई है।
पुलिस के अनुसार, पुरदिलनगर निवासी प्रीतम सिंह, उसकी पत्नी कमला देवी (47) (दोनों काल्पनिक नाम) और उनका नाती सोमवार रात घर में सो रहे थे। रात करीब 12 बजे सात-आठ बदमाश घर में घुसे और मारपीट शुरू कर दी, इस दौरान प्रीतम सिंह और कमला ने दो लोगों को पहचान लिया। इसी बीच बदमाशों ने प्रीतम और उसके नाती के सिर पर वार कर दिया, जिससे वे दोनों बेहोश हो गए। बदमाशों ने प्रीतम सिंह को हाथ-पैर बांधकर कमरे के बाहर फेंक दिया।
इसके बाद बदमाशों ने दरवाजा बंद कर महिला से घंटों दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसकी सरिया आदि से पिटाई की और उसके होठ काट दिए। इससे महिला बेहोश हो गई। इसके बाद बदमाश पति को कमरे में डालकर बाहर से दरवाजा बंद कर भाग गए। होश आने पर प्रीतम सिंह पत्नी की हालत देख घबरा गया। दरवाजा बंद होने के कारण वह दीवार तोड़ कर बाहर निकला। शोर मचाने पर पड़ोसी वहां पहुंचे और कमला को सीएचसी लेकर गए, बाद में उसे गंभीर हालत में अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।