वाराणसी में मंगलवार को लहरतारा रोड पर एक मकान के ग्रील में चिपका रहा अजगर।
- फोटो : अमर उजाला
बनारस के मंडुआडीह थाना क्षेत्र के लहरतारा स्थित एक मकान की ग्रिल में फंसे अजगर को मंगलवार की दोपहर में राहगीरों ने देखा तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया। लोग वीडियो बनाते और सेल्फी भी लेते रहे। अजगर को देखने के लिए लोगों की इतनी भीड़ जमा हो गई कि लहरतारा कैंट मार्ग पर भीषण जाम लग गया।
वहीं अजगर को देखकर राहगीरों ने शोर मचाया तो पड़ोसियों ने गोवर्धन पूजा में गए दिलीप अग्रवाल को फोन से सूचना दी। सूचना के बाद मकान मालिक दिलीप आये और बंद मकान में अजगर को प्रवेश करता देखकर उनके होश उड़ गए। तुरंत ही उन्होंने पुलिस को सूचना दी और उसके बाद वन विभाग को भी इस बाबत सूचना दी गई।
वन विभाग की टीम के पहुंचने से पूर्व ही सांप पकड़ने वाले पिंटू ने अपने सथियों साथ अजगर को पकड़ने का काम शुरू किया। उसने एक डंडे में रस्सी का फंदा बनाकर उसके गले में डालकर कस दिया। उसी समय मिर्जामुराद से पहुंचे रतन कोबरा ने लपककर अजगर को ग्रिल से बाहर निकाल कर एक बोरे में बंद कर लहरतारा चौकी पर ले आए और वहां पर पहुंचे वन विभाग के कर्मी को अजगर सौंप दिया।